-
बीएलओ-वालंटियर समन्वय, प्रशिक्षण और ग्रामसभा के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने की उठाई मांग
Gumla: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान क्षेत्र भ्रमण में सामने आई समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो से मिला. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया. इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं वालंटियर शिक्षकों के बीच समन्वय की कमी, प्रशिक्षण का अभाव तथा मतदाताओं को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले में तत्काल पहल कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने उपायुक्त से कहा कि एसआईआर अभियान के तहत बीएलओ और उनके साथ प्रतिनियुक्त वालंटियर शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए. उन्होंने कहा कि बार-बार एक ही घर जाकर जानकारी जुटाना बीएलओ के श्रम और समय की अनावश्यक बर्बादी है. इसके बजाय प्रत्येक गांव में छोटी ग्रामसभा या आमसभा आयोजित कर मतदाताओं को एसआईआर अभियान की गंभीरता, प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाए, ताकि सत्यापन कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके.
यह भी पढ़ें: झारखंड इंटक के अध्यक्ष फिर बने डॉ. प्रदीप बालमुचू, महाधिवेशन में मजदूर हितों पर कई प्रस्ताव

मतदाताओं को सहायता उपलब्ध कराई जाए
उन्होंने सुझाव दिया कि गणना प्रपत्र भरने के दौरान मतदाता अपने पास पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र पहले से तैयार रखें. यदि कोई मतदाता स्वयं प्रपत्र भरने में सक्षम नहीं है तो उसे स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई बीएलओ को पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिला था तथा उन्हें अपने साथ प्रतिनियुक्त वालंटियर की जानकारी भी नहीं थी, जिससे अभियान की गति प्रभावित हो रही है. प्रतिनिधिमंडल में जिला कोऑर्डिनेटर अनिरुद्ध चौबे, रूपेश कुमार, सगीर आलम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची सदर अस्पताल में 150 टीबी मरीजों को मिली पोषण किट, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिला सहयोग


