Giridih: सरकार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष ड्राइविंग लाइसेंस (DL) अभियान के तहत शनिवार को जमुआ प्रखंड मुख्यालय में विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन किया. अभियान के पहले चरण में 118 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस (LL) जारी किया गया.
118 पात्र आवेदकों को मौके पर ही मिला लर्निंग लाइसेंस(LL)
यह अभियान राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन की संस्कृति को बढ़ावा देना है. आयोजित विशेष शिविर के दौरान कुल 147 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया. परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदनों के साथ जमा दस्तावेजों का सत्यापन किया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद 118 पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया.
ALSO READ: झारखंड इंटक के अध्यक्ष फिर बने डॉ. प्रदीप बालमुचू, महाधिवेशन में मजदूर हितों पर कई प्रस्ताव

शिविर में आम लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) संतोष कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा. इससे लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की सुविधा मिलेगी और उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाहन चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है. इसके साथ ही सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके.


