Gumla: गुमला पुलिस ने शहर के श्याम स्टील के पास से चोरी हुई महिंद्रा बोलेरो पिकअप मामले का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिसई थाना क्षेत्र के बघनी गांव निवासी 19 वर्षीय मो. शाहिद अंसारी उर्फ छोटे के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को सोमवार को जेल भेज दिया.

श्याम स्टील के पास से चोरी हुई थी बोलेरो पिकअप
सोमवार को गुमला थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि 19 मई को प्रतीक कुमार अग्रवाल की महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन श्याम स्टील के पास से चोरी हो गई थी. मामले को लेकर गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. वाहन चोरी के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था.
अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी की गई बोलेरो पिकअप को आरोपी ने सिसई थाना क्षेत्र के बांसटोली गांव में छिपाकर रखा है. सूचना के आधार पर गठित टीम ने छापेमारी कर मो. शाहिद अंसारी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर चोरी की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को बरामद कर लिया गया. छापेमारी टीम में सअनि विनय कुमार राम, सअनि सुनील कुमार सहित सिसई एवं गुमला सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: भीषण गर्मी में पुलिस की सराहनीय पहल, थानों के बाहर पेयजल की व्यवस्था
