गुमला: सदर प्रखंड के डूमरटोली में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय थियोडोर एक्का की कुएं में डूबने से मौत हो गई. यह घटना पूरे इलाके में शोक का माहौल छोड़ गई है. जानकारी के अनुसार, मृतक अपने खेत में सब्जी की खेती के लिए पानी देने हेतु कुएं पर मोटर लगाने गया था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर पड़ा. आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया सदर अस्पताल
स्थानीय लोगों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. बताया जा रहा है कि मृतक असम राइफल्स से रिटायर फौजी थे और सेवानिवृत्ति के बाद खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे. उनके परिवार में अविवाहित एक बेटा और एक बेटी है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें: गुमला : परिवहन विभाग ने चलाया सघन जांच अभियान, ₹2.26 लाख का वसूला जुर्माना
