Bundu: अनुमंडल के राहे प्रखंड क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि ने ग्रामीण इलाकों में खेती को भारी नुकसान पहुंचाया है. इसी क्रम में बसंतपुर गांव में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की सब्जी फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है.
भिंडी, टमाटर, तरबूज और खीरा की फसल चौपट
खेतों में लगी भिंडी, टमाटर, तरबूज, खीरा समेत कई सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

उधार लेकर की थी खेती
बसंतपुर गांव के किसान धर्मेंद्र मुंडा ने बताया कि उन्होंने उधार लेकर सब्जी की खेती की थी और इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. उन्होंने कहा कि खेतों में तैयार फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ है.
मुआवजे की मांग
ग्रामीण किसानों का कहना है कि कई एकड़ में लगी सब्जी की खेती बर्बाद हो चुकी है और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है. फसल चौपट होने के बाद किसानों के घरों में मायूसी छा गई है. किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी सहायता नहीं मिलने पर कर्ज चुकाना मुश्किल हो जाएगा.
