Click Here
Click Here
Click Here

हजारीबाग: 47वें स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ अन्नदा कॉलेज, ‘मेडिकल जूलॉजी’ पुस्तक का लोकार्पण बना आकर्षण

Hazaribagh: अन्नदा कॉलेज का 47वां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया. पूरा परिसर रंग-बिरंगी सांस्कृतिक...

47वें स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हुआ अन्नदा कॉलेज

Hazaribagh: अन्नदा कॉलेज का 47वां स्थापना दिवस गुरुवार को उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया. पूरा परिसर रंग-बिरंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मधुर संगीत और विद्यार्थियों की प्रतिभा से जीवंत हो उठा. समारोह का मुख्य आकर्षण प्राणी विज्ञान विभाग के डॉ. आकाश गराईन द्वारा लिखित पुस्तक ‘मेडिकल जूलॉजी’ का लोकार्पण रहा, जिसे जूलॉजी एवं लाइफ साइंस के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि बताया गया.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

सामाजिक विस्तार एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, लिटररी सोसाइटी और सांस्कृतिक क्लब कला-संगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ. इसके बाद अतिथियों का स्वागत पूजा सिन्हा ने किया. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलमणि मुखर्जी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्नदा कॉलेज केवल शिक्षा प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और चरित्र निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है. उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की असली पहचान उसके विद्यार्थियों के अनुशासन, उत्कृष्ट चरित्र और सांस्कृतिक मूल्यों से होती है.

संगीत और कला की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. रिया नंदी ने शास्त्रीय संगीत की मधुर प्रस्तुति से वातावरण को सुरमय बना दिया, जबकि तनिष्का सोनल राय ने रवीन्द्र संगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. पीयूष कुमार पांडेय के बाँसुरी वादन ने भी खूब तालियां बटोरीं और पूरे सभागार को संगीतमय माहौल से भर दिया.

प्रतिभाओं का सम्मान, पुस्तक का लोकार्पण

इस अवसर पर लिटररी सोसाइटी की ओर से रवीन्द्रनाथ टैगोर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. समारोह का विशेष आकर्षण प्राणी विज्ञान विभाग के डॉ. आकाश गराईन द्वारा लिखित ‘मेडिकल जूलॉजी’ पुस्तक का लोकार्पण रहा. कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि यह पुस्तक जूलॉजी एवं लाइफ साइंस के विद्यार्थियों के अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी साबित होगी.

शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. पूरे समारोह में शिक्षा, संस्कृति और रचनात्मकता का सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने अन्नदा कॉलेज के 47 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को यादगार बना दिया.

ALSO READ : रांची: जानलेवा हमला कर पहले किया घायल, अब रसुखदारों के साथ मिल आरोपी दे रहे हैं केस उठाने की धमकी

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *