Bihar: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक BDO, एक महिला दारोगा और उनकी पत्नी से जुड़ा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. जाले प्रखंड के BDO मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. इस मामले में मृतका के परिजनों ने पति और बेगूसराय में तैनात महिला दारोगा अनु कुमारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं.
कोचिंग से शुरू हुई थी जान-पहचान
पुलिस जांच और परिजनों के आरोपों के अनुसार, मनोज कुमार और अनु कुमारी की मुलाकात वर्ष 2020 में मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित क्लब रोड की एक कोचिंग में हुई थी. वहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. इसी दौरान मनोज की मुलाकात अमृता कुमारी से भी हुई और दिसंबर 2022 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया. आरोप है कि मनोज ने अपनी शादी की जानकारी अनु से छिपाकर रखी.

शादी के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद अमृता को पति और महिला दारोगा के कथित संबंधों की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने अनु कुमारी से फोन पर बात कर अपने पति से दूरी बनाने का अनुरोध किया. हालांकि आरोप है कि इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा, जिससे पति-पत्नी के रिश्तों में लगातार तनाव बढ़ता गया.
Read Also: DAV स्कूल में छुट्टी के बाद निकले 6 बेबी कोबरा, समय रहते रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
मौत से पहले वीडियो कॉल का आरोप
अमृता के परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन मनोज कुमार और अनु कुमारी ने वीडियो कॉल के जरिए अमृता से बात की. उनका दावा है कि बातचीत के दौरान अमृता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
पेन ड्राइव में मिले अहम डिजिटल साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान अमृता के परिजनों ने पुलिस को एक पेन ड्राइव सौंपी है. उनका दावा है कि इसमें मनोज कुमार और अनु कुमारी के बीच हुई चैट, तस्वीरें और वीडियो कॉल से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं. पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है.
जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ जांच तेज कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी तथ्यों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है.


