हजारीबाग: ढाई साल में भी पूरा नहीं हुआ पुल, बिरहोर जनजाति समेत दर्जनों गांवों की बढ़ी परेशानी

Hazaribagh: बड़कागांव प्रखंड के सतबहिया स्थित हहारों नदी पर बन रहा उच्चस्तरीय पुल ढाई साल बाद भी अधूरा है. पुल का शिलान्यास...

बिरहोर जनजाति

Hazaribagh: बड़कागांव प्रखंड के सतबहिया स्थित हहारों नदी पर बन रहा उच्चस्तरीय पुल ढाई साल बाद भी अधूरा है. पुल का शिलान्यास 11 मार्च 2024 को तत्कालीन विधायक अंबा प्रसाद ने किया था. निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण सतबहिया समेत आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. खासकर बरसात के दिनों में हहारों नदी का जलस्तर बढ़ जाने पर सतबहिया के बिरहोर जनजाति के लोगों सहित अन्य ग्रामीणों का बड़कागांव, हजारीबाग, तलसवार और रामगढ़ की ओर आवागमन बाधित हो जाता है. इससे रोजमर्रा के काम, इलाज, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है.

चार करोड़ की योजना, फिर भी निर्माण अधूरा

ग्रामीण विकास विभाग की ओर से करीब चार करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि से पुल का निर्माण कश्यप कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है. पुल के संवेदक अवधेश सिंह बताए जाते हैं, जबकि कार्यस्थल की देखरेख अरविंद सिंह कर रहे हैं. निर्माण स्थल पर संवेदक और देखरेख करने वाले व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे वहां नहीं मिले. कुछ मजदूर निर्माण सामग्री की देखरेख करते नजर आए. संवेदक अवधेश सिंह से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. वहीं, उनके सहयोगी अरविंद सिंह ने मोबाइल पर बताया कि नौ पाया वाला पुल बनाया जा रहा है और आठ पाए बन चुके हैं. हालांकि, स्थल निरीक्षण के दौरान चार पाए अधूरे दिखाई दिए.

खुले में जंग खा रही लाखों की छड़

पुल निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड भी नहीं लगाया गया है. इससे योजना की लागत, निर्माण अवधि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है. वहीं, पुल के पाए में इस्तेमाल होने वाली लाखों रुपये की छड़ खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है, जिससे उसमें जंग लग रही है.

काली सूची में डालने की मांग

ग्रामीणों ने कश्यप कंस्ट्रक्शन को काली सूची में डालकर किसी दूसरे संवेदक से पुल का निर्माण कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पुल का निर्माण अधूरा रहने के कारण उन्हें भारी परेशानी हो रही है. यदि समय पर निर्माण पूरा नहीं हुआ तो बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.

क्या कहते हैं विधायक

बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि झारखंड सरकार के अधिकारियों और ठेकेदार की लापरवाही के कारण पुल का निर्माण समय पर पूरा नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण जल्द पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके.

क्या कहती हैं मुखिया

तलसवार पंचायत की मुखिया गीता देवी ने कहा कि पुल का निर्माण कच्छप गति से चल रहा है. यदि समय पर पुल बन जाता तो ग्रामीणों को परेशानी नहीं होती. उन्होंने भी कार्यस्थल पर योजना बोर्ड नहीं लगाए जाने की बात कही.

AlsoRead: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल ने स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र, कहा- ‘108 एम्बुलेंस सेवा में हो रही करोड़ों की धांधली, महीनों से खड़े हैं खटारा वाहन’

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *