Koderma: नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि नगर पंचायत डोमचांच के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की गई हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में पूर्व से चली आ रही अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को समाप्त करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. नगर अध्यक्ष ने बताया कि आने वाले दिनों में सांस्कृतिक भवन का विकास किया जाएगा, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार कम खर्च में विवाह और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकें. इसके अलावा नगर क्षेत्र में 400 से 500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक टाउन हॉल बनाया जाएगा, जिसमें पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था होगी.
मच्छरों से राहत के लिए खरीदी जाएगी फॉगिंग मशीन
उमेश वर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए फंड उपलब्ध होते ही फॉगिंग मशीन खरीदी जाएगी. इसके बाद सभी वार्डों में नियमित फॉगिंग अभियान चलाकर लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर नालियों का निर्माण तो हो चुका है, लेकिन सड़कें नहीं बनने के कारण बरसात में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है. इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक स्थानों पर पीसीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो.

ALSO READ : SIR को लेकर JMM की बैठक, मतदाताओं की समस्याओं के समाधान को तैयार रहें कार्यकर्ता: सुदिव्य कुमार
मॉड्यूलर टॉयलेट में अनियमितता की होगी जांच
नगर अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में कमीशनखोरी के कारण मॉड्यूलर टॉयलेट की खरीद और स्थापना तो कर दी गई, लेकिन उन्हें आज तक चालू नहीं किया जा सका. उन्होंने बताया कि सफाई के नाम पर भुगतान की प्रक्रिया पर रोक लगाई गई है और संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सफाई के नाम पर लिए गए भुगतान को देखते हुए एजेंसी को अगले एक वर्ष तक नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद ही कंपनी के बकाया भुगतान पर विचार किया जाएगा. उमेश वर्मा ने बताया कि पूर्व में खरीदे गए कई टोटो वाहन वर्षों से उपयोग के अभाव में खड़े थे. इनमें से चार वाहनों की मरम्मत कर उन्हें चालू कर दिया गया है और शेष वाहनों को भी दुरुस्त कर नगर की सफाई व्यवस्था में लगाया जाएगा.
जनसमस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
नगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत में लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा, “लोगों की समस्या ही मेरी समस्या है.” साथ ही नगर पंचायत को बेहतर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया.
ALSO READ : गिरिडीह में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा, छज्जा गिरने से दो दर्जन लोग घायल, 6 की हालत गंभीर
