Hazaribagh: उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को बरही प्रखंड के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों एवं स्थलों का भ्रमण कर वहां संचालित गतिविधियों, आधारभूत संरचनाओं तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया. भ्रमण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

ICAR केंद्र का भ्रमण
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त सर्वप्रथम गौरिया करमा स्थित आईसीएआर (इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च) केंद्र पहुंचे. वहां उन्होंने बागवानी, मत्स्य पालन एवं पशु विज्ञान सहित कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा परिसर का विस्तृत अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने प्रोसेसिंग प्लांट, फूड कोर्ट, गेस्ट हाउस, इंडोर स्टेडियम एवं परीक्षा भवन का निरीक्षण किया. आईसीएआर प्रबंधन द्वारा परिसर में स्ट्रीट लाइट लगाने का अनुरोध किए जाने पर उपायुक्त ने सहमति प्रदान करते हुए शीघ्र स्ट्रीट लाइट स्थापना सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने आईसीएआर द्वारा संचालित आम बागान का भी निरीक्षण किया तथा विभिन्न प्रजातियों के आमों की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की.
मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र की समीक्षा
इसके उपरांत उपायुक्त ने गौरिया करमा स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां आयोजित वीएचएसएनडी के तहत संचालित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की. उन्होंने सेविका एवं सहिया से बच्चों के टीकाकरण की स्थिति, केंद्र में नामांकित बच्चों की संख्या एवं पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक निर्देश दिए.
पशुपालन प्रक्षेत्र का अवलोकन
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित बीज प्रसंस्करण संयंत्र का भी निरीक्षण किया. उन्होंने राजकीय पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, सांढ़ पोषण प्रक्षेत्र, सुकर प्रजनन प्रक्षेत्र तथा पशुपालन प्रशिक्षण विद्यालय का अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने रेड सिंधी नस्ल की गायों के रखरखाव, दुग्ध उत्पादन एवं उपलब्ध मानव संसाधन की जानकारी ली. साथ ही राजकीय पशुपालन प्रक्षेत्र के समग्र विकास हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.
केदारूत डैम और सड़क का निरीक्षण
उपायुक्त ने केदारूत डैम एवं पेयजल आपूर्ति के लिए संचालित इंटेक वेल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने गौरिया करमा से केदारूत डैम तक जाने वाली जर्जर सड़क की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र सुदृढ़ एवं व्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई, ताकि पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके.
बरही चौक में जाम की समस्या पर चिंता
भ्रमण के अंतिम चरण में उपायुक्त बरही चौक पहुंचे, जहां उन्होंने लगातार लगने वाले जाम की समस्या का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से बरही चौक पर प्रतिदिन जाम, दुर्घटनाओं एवं गंदगी की शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं. ऐसी स्थिति में चौक के आसपास संचालित अव्यवस्थित बाजारों को व्यवस्थित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करना आवश्यक है.
वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश देते हुए कहा कि सड़क किनारे लगने वाले सब्जी बाजार एवं ठेला-खोमचा विक्रेताओं के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर उन्हें वहां स्थानांतरित करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी. इससे बरही चौक को सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाया जा सकेगा. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बरही, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी बरही मौजूद थे.
