Ranchi/Hazaribagh: मुहर्रम पर्व को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है. मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील करते हुए दिशा-निर्देश जारी किया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी समुदाय, धर्म या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संगीत या गानों के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी. भ्रामक, तथ्यहीन सूचना, फोटो, वीडियो या धार्मिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई है. ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: अल्पसंख्यक आयोग के वाइस चेयरमैन से मिले बीर खालसा दल के राष्ट्रीय सलाहकार, सिख आरक्षण पर हुई चर्चा


अप्रिय घटना पर सूचना देने की अपील
किसी भी अप्रिय घटना, प्रयास या असामाजिक गतिविधि की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. प्रशासन ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने के लिए जिला कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8002529348 और 8002529349 जारी किए हैं. इसके अलावा नागरिक आपातकालीन नंबर 112 पर भी डायल कर संपर्क कर सकते हैं.


