Koderma: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च ध्वजाधारी धाम गेट के समीप से शुरू होकर जलवाबाद, नगरखारा, गिरिडीह रोड, गांधी चौक, बरसोतियाबर, पांडेयडीह और छतरबर तक निकाला गया. इस दौरान एसडीओ निर्मल सोरेन ने लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी, कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मोहर्रम जुलूस एवं आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की रहेगी तैनाती
वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केसरी ने कहा, कि जिले के सभी मोहर्रम जुलूस एवं आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी. सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है. अफवाह फैलाने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. फ्लैग मार्च में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान, कोडरमा-तिलैया पैंथर के जवान तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे.



