Hazaribagh: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल क्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा शुक्रवार को बड़कागांव अनुमंडल पुलिस क्षेत्र का निरीक्षण किया. हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें सलामी दी. निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा, हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एवं बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद ने परिसर में सुप्रसिद्ध मियांजाकी आम का पौधा लगाकर वृक्षारोपण किया. इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण पर भी जोर दिया. इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने बड़कागांव अनुमंडल पुलिस क्षेत्र के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई. उन्होंने सभी लंबित कांडों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा क्षेत्र में हर हाल में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: ट्यूब लीकेज से बोकारो थर्मल की 500 MW यूनिट बंद, झारखंड समेत कई राज्यों पर असर की आशंका
अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : आईजी
पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाते हुए मामलों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आम जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी उन्होंने विशेष जोर दिया. आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती का तत्परता से सामना करने के निर्देश दिए. निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान बड़कागांव पुलिस इंस्पेक्टर शहीद राजा, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, सीकरी थाना प्रभारी रामकुमार राम, उरीमारी थाना प्रभारी रथु उरांव, गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, साजन मेजर कुमार देवव्रत, सूबेदार सोमा उरांव, सार्जेंट शशि उरांव, सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.

