Bokaro: जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसपी नाथू सिंह मीणा के के निर्देश पर CEIR पोर्टल का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए बोकारो पुलिस ने 30 जुलाई से 24 अगस्त तक कुल 78 खोए हुए मोबाइल बरामद किए हैं. एसपी ने बताया कि बरामद किए गए सभी 78 मोबाइलों के सत्यापन के बाद मंगलवार को ही उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है. मोबाइल चोरी के मामलों में तीन अलग-अलग कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.

4 महीनों में 567 मोबाइल वापस सौंपे गए
एसपी ने बताया कि जिले के अनुमंडल चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर और मुख्यालय बोकारो क्षेत्र में मोबाइल गुम होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. सभी थाना और ओपी प्रभारियों को CEIR पोर्टल की मदद से तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. इस अभियान के तहत विगत चार महीनों में बोकारो पुलिस कुल 567 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा चुकी है. बोकारो पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम या चोरी हो जाता है, तो.तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में इसकी सूचना दें. सरकार द्वारा जारी CEIR पोर्टल पर जाकर वांछित विवरण भरें. यदि कोई अन्य व्यक्ति उस खोए हुए या चोरी के मोबाइल का इस्तेमाल करेगा, तो इसकी सीधी सूचना पुलिस और आवेदक को मिल जाएगी.
ALSO READ: हादसों पर लगेगी लगाम! पश्चिमी सिंहभूम में दुर्घटना संभावित स्थलों पर बढ़ाई जा रही सुरक्षा

