HAZARIBAGH: हजारीबाग शहर में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार को शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले ज़ुलु पार्क स्थित संत रोबर्ट बालिका विद्यालय के समीप एक फर्नीचर घर (दुकान) में अचानक भीषण आग लग गई. फर्नीचर और लकड़ी के सामान होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया.
धूं-धूं कर जला कीमती फर्नीचर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फर्नीचर दुकान से अचानक आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठते देख आसपास के लोग सहम गए. चूंकि इलाका रिहायशी है और पास में ही स्कूल है, इसलिए स्थानीय लोगों में डर का माहौल व्याप्त हो गया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.
Also Read: चतरा में दर्दनाक हादसा: बस से गिरकर महिला की मौत, सड़क जाम के बाद माहौल तनावपूर्ण
भारी नुकसान की आशंका
फर्नीचर घर के अंदर सोफे, बेड, अलमारी और अन्य सजावटी सामान भरे हुए थे, जो आग की भेंट चढ़ गए. लकड़ी और पॉलिश के सामान ने आग को और तेजी से भड़काया. हालांकि, अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन यहाँ भी शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है.
शहर में एक ही दिन आगजनी की दूसरी घटना
गौरतलब है कि आज ही बंशीलाल चौक के पास एक सैलून में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है और अब ज़ुलु पार्क के पास इस घटना ने शहर की बिजली सुरक्षा और फायर सेफ्टी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.
