Hazaribagh: जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की तत्परता से भटक रहे दो बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया. गिद्दी और पदमा पुलिस की संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है.

जुलूस में परिजनों से बिछड़ा 10 वर्षीय रकिब
गिद्दी थाना क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पुलिस ने रैलीगढ़ा स्थित एमपीआई के पास एक 10 वर्षीय बच्चे को गुमसुम अवस्था में बैठे पाया. पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम रकिब खान, पिता शकील खान, निवासी गिद्दी ए बताया. बच्चे ने बताया कि वह जुलूस के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गया था. पुलिस ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए तत्काल उसके परिजनों की तलाश शुरू की. आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों का पता लगाया और बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया.
मानसिक रूप से अस्वस्थ 12 वर्षीय बच्चा भी परिजनों से मिला
इधर, पदमा ओपी क्षेत्र के सूरजपुरा गांव में पुलिस को करीब 12 वर्षीय चितरंजन उरांव इधर-उधर भटकता हुआ मिला. बताया गया कि बच्चे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. पुलिस उसे सुरक्षित पदमा थाना लेकर पहुंची और पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया. बाद में चितरंजन उरांव को उसके पिता मुकेश उरांव, निवासी लटवा, थाना इचाक, जिला हजारीबाग के सुपुर्द कर दिया गया. दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चे सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सके.

