Hazaribagh : मानसून में जलजमाव से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम हजारीबाग द्वारा चलाया गया विशेष नाला सफाई अभियान अब आम लोगों की परेशानी का कारण बन गया है. शहर के कई इलाकों में नालियों की सफाई तो शुरू हुई, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिए जाने का आरोप लग रहा है. सफाई के बाद निकाली गई मिट्टी और कचरा लंबे समय तक सड़क किनारे पड़े रहने से लोगों को आवागमन, व्यापार और दैनिक जीवन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इस मुद्दे को लेकर BJP नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभियान की योजना और क्रियान्वयन दोनों में गंभीर खामियां रहीं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ा.
टूटी नालियां, उखड़े स्लैब और जाम से जूझते लोग
भैया अभिमन्यु प्रसाद का आरोप है कि सफाई के दौरान कई स्थानों पर JCB से नालियों के ऊपर लगे सीमेंट स्लैब तोड़ दिए गए. इसके बाद निकला मलबा और कचरा वहीं छोड़ दिया गया. इससे सड़कें संकरी हो गईं और कई दिनों तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई अभियान के दौरान धूल, गंदगी और दुर्गंध के बीच रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित रही. स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी. सड़क किनारे मलबा जमा रहने से दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया. माल की ढुलाई प्रभावित हुई और कई छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा. व्यवसायियों का कहना है कि सफाई अभियान यदि व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाता तो लोगों को राहत मिलती, लेकिन अधूरे कार्य ने मुश्किलें बढ़ा दीं.

जनता को अपनी जेब से करना पड़ा खर्च
भैया अभिमन्यु प्रसाद ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में नालियों की स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय लोगों को खुद पैसे खर्च करने पड़े. उन्होंने कहा कि अपने स्तर पर नालियों को पहले जैसी स्थिति में लाने में करीब 80 हजार रुपये खर्च हुए, जबकि सड़क पर पड़े कचरे और मिट्टी को ट्रैक्टर लगाकर हटवाना पड़ा. लोगों का कहना है कि जब वे नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स और अन्य करों का भुगतान करते हैं, तब नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सफाई कार्य पूरी गुणवत्ता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करे. स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड पार्षद और महापौर कई बार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को जल्द समस्या दूर करने का भरोसा देते रहे, लेकिन अधूरे पड़े कार्य समय पर पूरे नहीं हो सके. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. शहरवासियों का कहना है कि यदि बारिश के दौरान नालियां पूरी तरह साफ नहीं हुईं और सड़क पर पड़ा मलबा नहीं हटाया गया तो जलजमाव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. लोगों ने नगर निगम से अभियान की समीक्षा कर सभी अधूरे कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है. उधर, BJP नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद ने नगर निगम प्रशासन से अधूरी सफाई, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और सड़क पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने की मांग की है.
Also Read : चाईबासा : राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जीते 19 पदक


