Koderma : जिला के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर रोड स्थित लॉ कॉलेज के पीछे धनबाद-गया रेलखंड पर सोमवार सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान बिहार के गयाजी के राजेंद्र पथ, तेलबीघा निवासी 27 वर्षीय तुषार कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कोडरमा-गया अप लाइन पर काम पर निकले एक चाभी मैन ने पोल संख्या 395/25 के पास एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा. उसने तुरंत इसकी सूचना कोडरमा आरपीएफ RPF को दी. आरपीएफ ने घटना की जानकारी तिलैया पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान ही मृतक के मोबाइल पर उसके पिता मदन मोहन कुमार का फोन आया. पुलिस ने उन्हें घटना की जानकारी देकर कोडरमा बुलाया.
पुलिस ने बताया ट्रेन से कटने से हुई मौत
परिजनों ने बताया कि तुषार गयाजी के आईडीएफसी IDFC बैंक में कार्यरत था और रविवार शाम घर से बिना कुछ बताए निकला था. इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया था. पुलिस को घटनास्थल से युवक का मोबाइल, एक हेडफोन और लोअर के जेब से एक माचिस बरामद हुई है. प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटकर मौत का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल पुलिस हर मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है.

ALSO READ : पुराना हाईकोर्ट भवन अब मिलेगा मध्यस्थता की कार्यवाहियों के लिए, जानिए कितना लगेगा किराया


