Hazaribagh : शहर के गौरवशाली इतिहास, वीर शहीदों और महान विभूतियों के सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हजारीबाग नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है. आगामी 26 जुलाई कारगिल विजय दिवस के अवसर तक शहर के सभी प्रमुख शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं को आकर्षक और आधुनिक विद्युत प्रकाश व्यवस्था से पूरी तरह रोशन किया जाएगा. महापौर अरविंद कुमार राणा के विशेष अनुरोध पर इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए जैगुआर ग्रुप की विशेषज्ञ तकनीकी टीम हजारीबाग पहुंची और विभिन्न प्रमुख स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया.
तकनीकी टीम ने लिया जायजा, चौराहों की बदलेगी सूरत
हजारीबाग पहुंची जैगुआर ग्रुप की टीम ने शहर के शहीद स्मारक, स्वामी विवेकानंद चौक, सिद्धू-कान्हू चौक, सरदार पटेल चौक और नीलांबर-पीतांबर चौक का बारीकी से तकनीकी आकलन किया. टीम ने यहां आधुनिक और थीम-बेस्ड लाइटिंग की आवश्यकताओं, वायर स्ट्रक्चर और पावर लोड का जायजा लिया. महापौर ने बताया कि उन्होंने लगभग एक महीने पहले जैगुआर ग्रुप को पत्र भेजकर इन ऐतिहासिक स्थलों पर उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था करने का आग्रह किया था, जिसके बाद अब काम को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
शहीदों का सम्मान ही शहर की असली पहचान: महापौर
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता 26 जुलाई यानी कारगिल विजय दिवस तक इन सभी स्थलों पर लाइटिंग का काम पूरा करना है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि हजारीबाग की पहचान सिर्फ बहुमंजिला इमारतों या सड़कों के निर्माण से नहीं, बल्कि अपने अमर शहीदों और महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने से भी है. इस आधुनिक रोशनी व्यवस्था से आने वाली पीढ़ी को अपने वीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा मिलेगी.
शहर के पार्कों की बदलेगी रंगत, PNB करेगा सौंदर्यीकरण
स्मारकों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ शहर के पार्कों की व्यवस्था सुधारने के लिए भी ठोस कदम उठाए गए हैं. महापौर ने पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों को शहर के प्रमुख पार्कों के रखरखाव, आवश्यक मरम्मत और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि आम नागरिकों और बच्चों को एक स्वच्छ व मनोरंजक माहौल मिल सके. नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हजारीबाग के सभी सार्वजनिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
Also Read : हरमू रोड पर BJP-कांग्रेस आमने-सामने, अंडे-टमाटर की बारिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
