Ranchi : राजधानी रांची का हरमू रोड गुरुवार को सियासी रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता आमने-सामने डटे हुए है. दोनों ओर से लगातार नारेबाजी हो रही है और पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर रोक दिया. दूसरी ओर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में जुटकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

दोनों ओर से फेंके जा रहे अंडे टमाटर और पानी की बोतलें
इसी दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी जा रही है. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ भाजपा कार्यकर्ता दमकल की गाड़ी की छत पर चढ़ गए और वहीं से अंडे व टमाटर फेंकते नजर आए. जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी अंडे फेंके गए. जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

आमने सामने से रोक रही पुलिस
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं. पुलिस लगातार दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को आमने-सामने आने से रोक रही है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है.

हरमू रोड पुरी तरह से जाम
प्रदर्शन के कारण हरमू रोड पूरी तरह जाम हो गया है. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन कर दिया है. पूरे इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ALSO READ : आओ देखें जरा किसमें कितना है दम, रांची की सड़कों पर राजनीतिक अखाड़ा, सियासी जंग में पिसी आम जनता
