मौसम अलर्ट: अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश का दौर जारी, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी 

Ranchi: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. राज्य के ऊपर बने मौसमी सिस्टम और मानसून टर्फ के असर से...

Weather Alert
Weather Alert: Heavy rainfall to continue for the next 5 days

Ranchi: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. राज्य के ऊपर बने मौसमी सिस्टम और मानसून टर्फ के असर से पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में बारिश का यह सिलसिला यूं ही बना रहेगा. खासकर लातेहार समेत कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

टर्फ और शियर जोन का झारखंड पर प्रभाव

मौसम केंद्र के अनुसार, वर्तमान में मानसून की मुख्य टर्फ रेखा जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डाल्टगंज, कंटाई से होते हुए पूर्व-दक्षिण पूर्व की ओर पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. यह औसत समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर ऊपर तक फैली है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुकती है. इसके अलावा, औसत समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच लगभग 23 डिग्री उत्तरी अक्षांश के आसपास एक पूर्व-पश्चिम शियर जोन बना हुआ है. यह पूर्वोत्तर अरब सागर से दक्षिण गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगा पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश होते हुए मणिपुर तक गुजर रहा है. इन दोनों शक्तिशाली मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आया है और लगातार बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही है.

पिछले 24 घंटों का हाल: गुराबंदा में सबसे अधिक बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई.पूर्वी सिंहभूम जिले के गुराबंदा इलाके में सबसे अधिक 57.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. राज्य में सबसे अधिक उच्चतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दुमका में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया.

अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान

• 24 जुलाई से 25 जुलाई: आसमान में आमतौर पर घने बादल छाए रहेंगे. राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघगर्जन की प्रबल संभावना है. इस दौरान मध्य एवं निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी भागों (विशेषकर लातेहार) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
• 26 जुलाई से 27 जुलाई: बादलों की आवाजाही के साथ राज्य के अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
• 28 जुलाई से 29 जुलाई : मानसून का प्रभाव इन दो दिनों में भी बना रहेगा और राज्य के अनेक हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहने की संभावना है.

वज्रपात और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

वज्रपात और आंधी: 24 जुलाई से 27 जुलाई के दौरान राज्य में कई जगहों पर गर्जन, वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

रांची और इसके आसपास का मौसम पूर्वानुमान

• 24 जुलाई: सामान्यतः बादल छाए रहेंगे, दिन में दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.
• 25 जुलाई: आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। तापमान अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.
• 26 से 27 जुलाई: बादल छाए रहने के साथ दो या अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का दौर जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
• 28 से 29 जुलाई: राजधानी में एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है। इस अवधि में तापमान स्थिर रहते हुए अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के इर्द-गिर्द बना रहेगा.

ALSO READ: HC ने सरकार से पूछा, क्या न्यायिक आदेश से भी ऊपर है प्रशासनिक आदेश?

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *