Ranchi : झारखंड में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव क्षेत्र और मानसून ट्रफ के अनुकूल प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है.
मानसून का असर और मौसम की स्थिति
वर्तमान में मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून, पटना, बांकुड़ा और कैनिंग होते हुए बंगाल की खाड़ी के उत्तर-मध्य भाग की ओर बढ़ रहा है. साथ ही, उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के भीतर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी उम्मीद है. इसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. जबकि रामगढ़ में 80.5 मिलीमीटर के साथ सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई. तापमान की बात करें तो जमशेदपुर 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. वहीं रांची का नामकुम क्षेत्र 23 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा.
पांच दिनों का जिलावार और क्षेत्रीय पूर्वानुमान
• 15 जुलाई : राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों (देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह), निकटवर्ती मध्य (बोकारो, धनबाद) और दक्षिणी-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है और वज्रपात का भी खतरा रहेगा.
• 16 जुलाई : दक्षिणी-पूर्वी और मध्य झारखंड के रांची और खूंटी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. यहां भी तेज हवाओं और वज्रपात के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
• 17 जुलाई : दक्षिणी-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य हिस्सों में भी गर्जन और वज्रपात की आशंका बनी रहेगी.
• 18 जुलाई : राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य क्षेत्रों, विशेषकर खूंटी और गुमला में भारी बारिश की संभावना है.
• 19 और 20 जुलाई : बारिश की तीव्रता में मामूली कमी आ सकती है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा जारी रहेगी.
रांची और आसपास के इलाकों के मौसम का मिजाज
राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे. 15 से 17 जुलाई के बीच रांची में दो या उससे अधिक बार मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी. रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के आसपास बना रहेगा. मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे न खड़े होने, बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है.
ALSO READ : BREAKING जज उत्तम आनंद हत्याकांड : सजायाफ्ता लखन वर्मा और राहुल वर्मा की सजा HC से बरकरार
