Ranchi: नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में मोरहाबादी बाजार के सैकड़ों फुटपाथ दुकानदार मंगलवार को सड़क पर उतर आए. दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर बेदखली की कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की. प्रदर्शन में भाकपा, एटक, इंडियन हॉकर्स अलायंस (IHA) और पथ विक्रेता संघ के कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट लागू करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना सर्वे, पहचान पत्र और पुनर्वास की व्यवस्था किए पथ विक्रेताओं को हटाने की कार्रवाई कर रहा है. उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट-2014 का पालन करने और सभी पथ विक्रेताओं को कानूनी अधिकार देने की मांग की.
मांगें नहीं मानी गई तो उग्र होगा आंदोलन
पथ विक्रेता संघ के संदीप वर्मा ने कहा कि वर्षों बाद भी सभी दुकानदारों का सर्वे और पहचान पत्र जारी नहीं किया गया है, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बेदखली नहीं रोकी गई और पुनर्वास की व्यवस्था नहीं हुई, तो आंदोलन पूरे शहर में और तेज किया जाएगा.
