Hazaribagh: लगातार हो रही भारी वर्षा ने हजारीबाग शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति की पोल खोल दी है. कई स्थानों पर जलजमाव, बड़े-बड़े गड्ढे और अधूरे सड़क निर्माण के कारण आम लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है. सबसे अधिक परेशानी मासीपीढ़ी चौक के समीप, हुंडई शोरूम के पास तथा सिद्धार्थनगर के निकट देखने को मिल रही है, जहां सड़क पर जलभराव और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.
तीन प्रमुख स्थलों का किया गया निरीक्षण
समस्या की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने मंगलवार को स्वयं इन तीनों प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सड़क पर जमा बारिश का पानी, गहरे गड्ढे, अधूरा निर्माण कार्य और यातायात में हो रही परेशानियों का जायजा लिया गया. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने भी अपनी समस्याएं साझा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की.

जल निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी
निरीक्षण में सामने आया कि कई स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया है. इससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, पैदल यात्रियों और भारी वाहनों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर बने गड्ढे पानी से ढंक जाने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है.
एनएचएआई परियोजना निदेशक से की गई बात
निरीक्षण के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक विजय कुमार से दूरभाष पर विस्तृत बातचीत कर उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत कराया गया. उनसे प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा क्षतिग्रस्त एवं अधूरे सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का आग्रह किया गया.
युद्धस्तर पर कार्रवाई की मांग
विधायक ने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है. ऐसे में जलजमाव वाले स्थानों पर तत्काल पंपिंग के माध्यम से पानी निकालने, सड़क की मरम्मत करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है.
‘जनहित सर्वोपरि, कार्यों की होगी लगातार निगरानी‘
उन्होंने कहा कि हजारीबाग की जनता को बेहतर सड़क, सुरक्षित यातायात और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस मामले में संबंधित विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्यों की प्रगति की निगरानी की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द राहत मिल सके.
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन और एनएचएआई से मांग की है कि बारिश के दौरान बार-बार होने वाली जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी और सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो सकता है और बड़ी दुर्घटनाएं भी हो सकती हैं.


