Bokaro: राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आगामी 30 अगस्त को NEET PG-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

बोकारो में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित
बोकारो जिले में परीक्षा के लिए आयन डिजिटल जोन चास, ग्राम खमारबेन्दी, चंदनकियारी रोड स्थित केंद्र और क्रिसेंट लैब, गवालाडीह मोड़, पुरुलिया रोड, पिंड्राजोरा को परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है.
DC-SP ने परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने आयन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
अनधिकृत प्रवेश पर रोक के निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा.
शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा कराने पर जोर
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया जाए. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि 30 अगस्त को होने वाली NEET PG-2026 परीक्षा सुचारू और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हो सके.
ALSO READ: चक्रधरपुर: मुसीबत में परिवार, मानसिक बीमारी से जूझ रहे हैदर के लिए देवदूत बना विधिक सेवा प्राधिकार

