Hazaribagh: 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. जिले के नौ परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है. सदर अनुमंडल दंडाधिकारी के आदेश के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है. इसके अनुसार परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों को छोड़कर अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इस क्षेत्र में हथियार, लाठी या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से लेकर लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, किताबें, नोटबुक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक लगाई है. इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा. जिले में संत कोलंबा महाविद्यालय, केबी महिला महाविद्यालय, आरके प्लस टू उच्च विद्यालय कटकमसांडी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मेरु, केएन प्लस टू उच्च विद्यालय इचाक, संत कोलंबा कॉलेज का वोकेशनल भवन, मार्खम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बोंगा और बिहारी बालिका उच्च विद्यालय सहित नौ केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी.
प्रशासन की टीम ने देर रात चलाया सघन जांच अभियान
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रशासन ने होटलों और लॉज में भी जांच अभियान चलाया है. कोर्रा थाना क्षेत्र के विभिन्न होटलों में पुलिस और प्रशासन की टीम ने शुक्रवार देर रात सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान होटल में ठहरने वाले लोगों की पहचान और रिकॉर्ड की जांच की गई. होटल संचालकों को सभी मेहमानों का पहचान पत्र सत्यापित करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का निर्देश दिया गया है.
मनोकामना होटल, स्वागत पैलेस, होटल मीत मिलन और होटल वनांचल सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई. प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: शोभायात्रा के साथ पांच दिवसीय माता शीतला पूजा महोत्सव का शुभारंभ



