हजारीबाग की सड़कों पर गुंडागर्दी और सिस्टम लाचार’: कटकमसांडी मुख्य मार्ग पर माफिया के ट्रकों का कब्ज़ा, एंबुलेंस भी बेबस; कब जागेगा प्रशासन?

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में नियम-कानून और प्रशासनिक मुस्तैदी के बड़े-बड़े दावे जमीनी धरातल पर किस कदर दम तोड़ रहे हैं, इसका...

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में नियम-कानून और प्रशासनिक मुस्तैदी के बड़े-बड़े दावे जमीनी धरातल पर किस कदर दम तोड़ रहे हैं, इसका एक खौफनाक और जीता-जागता वीडियो कटकमसांडी के मुख्य मार्ग से सामने आया है. यहाँ कोयला माफिया और भारी वाहनों के सिंडिकेट ने सरेआम गुंडागर्दी मचा रखी है, जिसके आगे स्थानीय पुलिस और यातायात व्यवस्था पूरी तरह पंगु नजर आ रही है. जो मुख्य सड़क आम जनता, स्कूल बसों और रोजमर्रा की गाड़ियों की सुचारू आवाजाही के लिए बनी है, उसे तस्करों और भारी ट्रकों ने अपनी बपौती समझकर पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है.

ग्राउंड जीरो की खौफनाक तस्वीर: किलोमीटर लंबा महाजाम, दोनों लाइनें पूरी तरह ब्लॉक

कटकमसांडी मुख्य मार्ग से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क की एक लेन तो छोड़िए, ट्रकों के ड्राइवरों ने बीच सड़क पर गाड़ियाँ खड़ी करके उस दूसरी मुख्य लाइन को भी पूरी तरह जाम कर दिया है जिससे गाड़ियाँ रेगुलर चलती हैं. सड़क के दोनों तरफ जहाँ तक नजर जाती है, सिर्फ भारी-भरकम हाइवा और ट्रकों का ही साम्राज्य दिखाई दे रहा है. गाड़ियाँ इस कदर एक-दूसरे से सटाकर खड़ी की गई हैं कि वहाँ से एक दोपहिया वाहन का निकलना भी मुमकिन नहीं है. इस महाजाम के पीछे भी लगातार कई गाड़ियाँ फंसती चली जा रही हैं और सड़क एक तरह से ‘कबाड़खाने’ में तब्दील हो चुकी है.

‘ड्राइवर और मालिकों की बेहूदगी चरम पर, चंद रुपयों के लिए दांव पर लग रही मासूमों की जिंदगी’

कटकमसांडी में सड़क को बंधक बनाने की इस हरकत पर स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. ग्राउंड जीरो पर मौजूद चश्मदीदों ने बेहद कड़े शब्दों में इस कुव्यवस्था की निंदा की है. लोगों का साफ कहना है कि इन भारी गाड़ियों के ड्राइवरों और उनके मालिकों द्वारा की जा रही यह सरासर बेहूदगी है. चंद रुपयों के मुनाफे और लापरवाही के चक्कर में पूरी सड़क को जाम कर दिया गया है. स्थानीय जनता अब सीधे तौर पर इस सिंडिकेट और उसे मूक सहमति देने वाले प्रशासनिक तंत्र पर उंगलियां उठा रही है कि आखिर किसके शह पर इस मुख्य मार्ग को इस कदर नरक बना दिया गया है?

‘जाम में फंसा मरीज तो रास्ते में ही तोड़ देगा दम’ , खतरे में आपातकालीन सेवा

इस महाजाम का सबसे डरावना पहलू यह है कि यह रास्ता हजारीबाग के मुख्य अस्पतालों को जोड़ता है। वहाँ मौजूद लोगों ने बेहद गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर मान लीजिये इस भीषण जाम के बीच कोई आपातकालीन एंबुलेंस आ जाती है, तो उस मरीज का क्या होगा? एंबुलेंस के फंसे होने के कारण गंभीर मरीज तो अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ देगा, उसकी जान किसी भी कीमत पर नहीं बच पाएगी,” आपातकालीन स्थिति में जहाँ एक-एक सेकंड की कीमत जिंदगी और मौत से जुड़ी होती है, वहाँ घंटों तक गाड़ियों का इस तरह खड़े रहना सीधे-सीधे इंसानी जान से खिलवाड़ है.

सवालिया निशान: आखिर सोई हुई पुलिस और प्रशासन क्यों नहीं ले रहा एक्शन?

इस पूरे मामले ने स्थानीय थाना और हजारीबाग प्रशासन की कार्यशैली की पोल खोल कर रख दी है. जब दिन के उजाले में मुख्य मार्ग पर सरेआम इस तरह का तांडव मचाया जा रहा है, तो पेट्रोलिंग गाड़ियाँ और ट्रैफिक पुलिस कहाँ सोई हुई है? ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध कोयला परिवहन और भारी वाहनों से जुड़े इस सिंडिकेट को स्थानीय स्तर पर आंतरिक रसूख प्राप्त है, यही वजह है कि ये बेखौफ होकर बीच सड़क पर गाड़ियाँ खड़ी करने की जुर्रत करते हैं. अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के वायरल होने और जनता के इस भारी आक्रोश के बाद जिला प्रशासन कटकमसांडी मार्ग को इन माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराता है, या फिर किसी मरीज की मौत के बाद ही इस बहरे सिस्टम की नींद टूटेगी?

Also Read : थाना के नाक के नीचे चोरों का तांडव! ,एक रात में पांच दुकानों और होटल को बनाया निशाना, व्यवसायियों में दहशत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *