Pakur : पाकुड़ नगर थाना से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने एक ही रात में पांच दुकानों और एक होटल में चोरी की वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. घटना नगर थाना के सामने स्थित रथ मेला मैदान और हाटपाड़ा क्षेत्र की है, जहां देर रात चोरों ने कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया.


बर्तन दुकान से हजारों की चोरी, अन्य दुकानों में भी सेंधमारी का प्रयास
बर्तन व्यवसायी शैलेन्द्र साव ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 30 किलो कांस्य बर्तन चोरी कर लिए गए, जिनकी कीमत 30 से 40 हजार रुपये आंकी जा रही है. वहीं शत्रुघ्न साव की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके. हालांकि दुकान का तिरपाल फाड़कर नुकसान पहुंचाया गया. इसके अलावा हाटपाड़ा स्थित हटिया परिसर में किराना व्यवसायी गोपाल साहा और तापेश की दुकानों के ताले भी तोड़े गए, हालांकि वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ.
ALSO READ : रांची: 30 मई को सजेगा साहित्य का भव्य मंच, ‘साहित्य संगम संस्थान’ का वार्षिक अधिवेशन और सम्मान समारोह
शंकर होटल से नकदी लेकर फरार हुए चोर
थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित शंकर होटल को भी चोरों ने निशाना बनाया. होटल संचालक शिव शंकर साह के अनुसार चोर टाली उखाड़कर होटल के अंदर घुसे और करीब साढ़े आठ हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. लगातार एक ही रात में कई जगह चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है.
व्यवसायियों में आक्रोश, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यवसायियों का कहना है कि थाना के नजदीक इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है. स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने, चोरों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है.
