palamu : मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेडमा ओवरब्रिज पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. जिससे उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, घायल हुए सभी युवक पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गर्दा गांव के निवासी हैं. चश्मदीदों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, चारों दोस्त बीती रात एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे. पार्टी खत्म होने के बाद देर रात वे सभी घूमने के उद्देश्य से डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जैसे ही उनकी बाइक रेडमा ओवरब्रिज पर पहुंची, रफ्तार तेज होने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया और बाइक सीधे दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
घटना की सूचना अविलंब शहर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की तत्परता एवं सहयोग से सभी लहूलुहान युवकों को उठाकर तत्काल इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया.
हालात नाजुक, रिम्स रेफर
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि, दो युवकों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई थी. चिकित्सकों ने दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए तत्काल रिम्स, रांची रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार, घायल सोनू चंद्रवंशी का इलाज वर्तमान में रांची में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. वहीं, रांची रेफर किए गए दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार मेदिनीनगर के ही एक निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है. अन्य दो घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
ALSO READ : जमशेदपुर में एनकाउंटर: सब-इंस्पेक्टर का पिस्टल छीनकर भाग रहे छिनतई के आरोपी को लगी गोली



