Newswave Desk: हाल ही में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए और उनके नतीजे भी आ चुके हैं. लेकिन बात कौन जीता और कौन हारा, इसकी नहीं करेंगे. बल्कि बात करेंगे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी EVM की. आखिर भारत में EVM की शुरुआत कब हुई और इसे कानूनी मान्यता कैसे मिली, चलिए जानते हैं.
भारत में पहली बार कब हुआ EVM का इस्तेमाल?
बता दें कि भारत में पहली बार मई 1982 में केरल के परावुर विधानसभा क्षेत्र में हुए एक उपचुनाव के दौरान EVM का इस्तेमाल किया गया था. हालांकि उस वक्त इसे पूरी तरह लागू नहीं किया गया था. कुल 123 मतदान केंद्रों में से सिर्फ 50 बूथों पर EVM का उपयोग एक प्रयोग के तौर पर किया गया था.

पहले इस्तेमाल के साथ ही शुरू हुआ विवाद
लेकिन इसके साथ ही एक बड़ा विवाद भी खड़ा हो गया. 1982 के चुनाव में हारने वाले उम्मीदवार ए.सी. जोस ने कोर्ट में EVM के इस्तेमाल को चुनौती दी. इसके बाद साल 1984 में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव परिणाम को रद्द कर दिया, क्योंकि उस समय चुनाव कानूनों में EVM के इस्तेमाल का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं था.
EVM को कैसे मिला कानूनी दर्जा?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन यानी EVM को कानूनी मान्यता देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया. साल 1988 में संसद ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 यानी Representation of the People Act में संशोधन किया और इसमें धारा 61A जोड़ी गई. इसके बाद चुनावों में EVM के इस्तेमाल को आधिकारिक मंजूरी मिल गई.
हालांकि EVM का पहला इस्तेमाल 1982 में हुआ था, लेकिन बड़े स्तर पर इसकी वापसी कई साल बाद हुई. साल 1998 में राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली की 25 विधानसभा सीटों पर EVM का सफल ट्रायल किया गया. इस परीक्षण के बाद चुनाव आयोग का भरोसा और मजबूत हुआ.
पूरे राज्य और पूरे देश में कब हुआ इस्तेमाल?
पूरे राज्य में पहली बार साल 1999 में गोवा विधानसभा चुनाव में EVM का इस्तेमाल किया गया. यह पहला मौका था, जब किसी राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में EVM के जरिए मतदान कराया गया. इसके बाद चुनाव आयोग ने धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाया. आखिरकार साल 2004 का लोकसभा चुनाव देश का पहला आम चुनाव बना, जिसमें सभी 543 सीटों पर पूरी तरह EVM के जरिए मतदान कराया गया.
यानी जिस EVM को लेकर आज भी समय-समय पर सवाल उठते रहते हैं, उसकी शुरुआत एक छोटे से प्रयोग से हुई थी और फिर धीरे-धीरे यह भारत के चुनावी सिस्टम का अहम हिस्सा बन गई.
ALSO READ: शराब घोटाला: अरविंद सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत, ACB की कार्रवाई पर रोक
