Palamu : जिले के हुसैनाबाद नगर पंचायत की मासिक बोर्ड बैठक बुधवार को हंगामेदार रही. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुत एजेंडे का विरोध करते हुए उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि बैठक के एजेंडे में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनहित से जुड़ी योजनाओं को रद्द करने का प्रस्ताव रखा गया था. उन्होंने कहा कि ये योजनाएं आम लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं और इन्हें रद्द करना जनता के हितों के खिलाफ है.
विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप, नगर परिषद घिरी
उपाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व की बोर्ड बैठकों में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय अब तक लागू नहीं किए गए हैं. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी है और पेयजल, सड़क तथा नाली जैसी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल 2026 की बोर्ड बैठक में प्रत्येक वार्ड में दो-दो सफाईकर्मियों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ. इससे वार्ड पार्षदों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है. वार्ड पार्षद राजेंद्र पाल ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद केवल आश्वासन दिए गए हैं, जबकि धरातल पर कोई काम नहीं हुआ.

लंबित मुद्दों पर भड़के पार्षद, बोर्ड बैठक का किया बहिष्कार
वहीं वार्ड पार्षद शंभू कुमार ने नगर पंचायत में मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की बातों को महत्व नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक लंबित मुद्दों का समाधान नहीं होगा, तब तक बोर्ड बैठकों का बहिष्कार जारी रहेगा. बैठक का बहिष्कार करने वालों में आशा देवी, अनीता साहू, बबिता देवी, पियरिया देवी, अभिमन्यु कुमार, राजेंद्र पाल, आनंद कुमार, फिरोजा शाहीन, सरवरी बीबी, राजकुमार कश्यप, उमा देवी, शंभू कुमार और नेपुरी देवी सहित कई वार्ड पार्षद शामिल थे. जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि पूर्व में लिए गए निर्णयों को जल्द लागू कर नगरवासियों को साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
Also Read : जैविक खेती अपनाएं, समृद्ध किसान और सशक्त भारत बनाएं: शालिनी बैसखियार


