रांची: रांची शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है. अगर आपके घर में पानी का बिल जरूरत से ज्यादा आ रहा है, बिना कनेक्शन के चार्ज लगाया जा रहा है या पुराने बकाया को लेकर नोटिस मिल रहे हैं, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है. नगर निगम ने इन समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष वेवर कमेटी का गठन किया है.
वेवर कमेटी का गठन
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बनी यह कमेटी आम लोगों की शिकायतों पर सुनवाई कर उचित निर्णय देगी. निगम प्रशासन ने कहा है कि जिन लोगों को वाटर यूजर चार्ज से जुड़ी कोई भी समस्या है, वे आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा करें.
Read Also: Breaking News: शराब घोटाले में नवीन केडिया को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत
आवेदन के बाद होगी जांच
आवेदन मिलने के बाद कमेटी हर मामले की जांच करेगी और सुनवाई के आधार पर फैसला लिया जाएगा. इसी कड़ी में गुरुवार को एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें शहर के 53 वार्डों से आई दर्जनों शिकायतों पर विचार किया जाएगा. नगर निगम के अनुसार, सबसे ज्यादा शिकायतें उन घरों से मिली हैं जहां पानी की सप्लाई नहीं हो रही, लेकिन फिर भी बिल भेजा जा रहा है. खासकर डोरंडा क्षेत्र के लोगों ने बताया कि उनके यहां वर्षों पहले पानी का कनेक्शन हट चुका है, इसके बावजूद लगातार बकाया बिल के नोटिस मिल रहे हैं.
