Palamu: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में गहन विशेष पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत मंगलवार से गणना चरण (एन्यूमरेशन फेज) की शुरुआत हो गई. इसके तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और संग्रह करेंगे.
अभियान के पहले दिन उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू क्लब, मदरसा अलहेदाया कुंड मोहल्ला और मेदिनीनगर नगर निगम के पुराने भवन स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने चुनाव पाठशालाओं में शामिल होकर मतदाताओं और संबंधित कर्मियों से संवाद भी किया.

मतदाता सूची अद्यतन करने की दी जानकारी

चुनाव पाठशालाओं में BLO , BLO-2, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को विशेष पुनरीक्षण अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता सूची के अद्यतन से संबंधित जानकारी दी गई. DC ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है.
BLO को सहयोग करने की अपील
DC ने जिलेवासियों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें और एन्यूमरेशन फॉर्म सही तरीके से भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


