Giridih : हूल दिवस के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह जिला प्रशासन ने अमर वीर शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, वीरांगना फूलो-झानो सहित हूल विद्रोह के सभी महानायकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके अद्वितीय साहस, बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को नमन किया.
DC रामनिवास यादव ने कहा
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, उत्पाद अधीक्षक डॉ. शिव कुमार साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मियों ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि हूल विद्रोह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है. सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो ने अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध जो संघर्ष शुरू किया, वह आज भी समाज को साहस, स्वाभिमान और न्याय के लिए प्रेरित करता है.

राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प
उन्होंने कहा कि इन महानायकों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा. उपायुक्त ने कहा कि हूल दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों सामाजिक न्याय, समानता और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का भी दिन है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए जनसेवा, सुशासन और समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने हूल विद्रोह के अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया.
Also Read : हजारीबाग में लाल हुंकार : भाकपा का शक्ति प्रदर्शन, जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प


