Giridih:सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर गुरुवार को पपरवाटांड़ पुराने टोल प्लाजा के समीप विशेष वाहन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने किया.

परिवहन विभाग के संयुक्त टीम मौजूद रही
जांच अभियान में ट्रैफिक इंस्पेक्टर, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) तथा डीआरएसएम सहित परिवहन विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही. इस दौरान वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों की सघन जांच की गई.अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 4 वाहनों को जब्त कर मुफस्सिल थाना में सुरक्षित रखा गया. वहीं मोटरसाइकिल एवं टोटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
सुरक्षा नियमों का पालन करने की दी हिदायत
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में आगे भी इस तरह का विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.
AlsoRead:एनर्जी का नेचुरल पावर बैंक: रोज़ एक केला, सेहत रहेगी फर्स्ट क्लास!
