Gumla : जिला मुख्यालय के लोहरदगा रोड स्थित दुनदुरिया में संचालित बीटीएल पब्लिक स्कूल एवं बचपन प्ले स्कूल परिसर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और पतंजलि योगपीठ गुमला के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की शिक्षिका सर्वेश्वरी मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने पतंजलि योगपीठ, गुमला जिला के अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया. इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने योगपीठ के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया. साथ ही योग के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ तथा दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
बीटीएल स्कूल में योग दिवस उत्साह से संपन्न
योग सत्र के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली. योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ और सशक्त बनता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है. उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी योग के प्रति अपनी जागरूकता व्यक्त करते हुए कहा कि योग मन को शांत और स्थिर रखने में मदद करता है. बच्चों ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे. अंत में सभी ने सामूहिक रूप से शांति पाठ किया तथा योग संकल्प लिया. विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पतंजलि योगपीठ की टीम, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने के संदेश के साथ हुआ.


