Ajay Dayal

Ranchi: यदि आप कार या बाइक तेज रफ्तार से चलाने का शौक रखते हैं, तो अब अपनी जेब ढीली करने के लिए तैयार रहें. रांची पुलिस और राजधानी के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए स्पीड लेजर गन, कैमरे और इंटरसेप्टर लगातार वाहनों की गति पर नजर रख रहे हैं.
अक्सर देखा गया है कि तेज रफ्तार का कहर उन मासूम लोगों की जान ले लेता है, जिनकी कोई गलती नहीं होती. ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के कारण वे हिट एंड रन जैसी घटनाओं का शिकार हो जाते हैं.
ओवरस्पीडिंग पर लगाम लगाने के लिए सख्त व्यवस्था
हिट एंड रन पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस और स्मार्ट सिटी द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन (RLVD) कैमरे और स्पीड लेजर गन इंटरसेप्टर वाहन लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से चालान भी काटा जा रहा है.
अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग गति सीमा तय की गई है. स्पीड लेजर गन और अर्टिगा कार में लगे मोबाइल इंटरसेप्टर वाहन रिंग रोड और अन्य स्थानों पर वाहनों की गति पर नजर रख रहे हैं. तय सीमा से अधिक गति पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के मोबाइल पर चालान भेज दिया जाता है.
यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी एक स्थान पर चालान कट जाता है, तो दूसरे स्थान पर नियम उल्लंघन करने पर भी चालान कटेगा. यानी जितनी बार स्पीड लिमिट तोड़ी जाएगी, उतनी बार जुर्माना लगेगा.
Also Read: झारखंड राज्यसभा का महादंगल, प्रस्तावक गुमनाम, समर्थक बेनाम, क्या बिकने को तैयार है ईमान..
भारी और हल्के वाहनों पर अलग-अलग जुर्माना
इंटरसेप्टर द्वारा गति सीमा का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों से 2,000 रुपये तथा कार और बाइक (लाइट मोटर व्हीकल) से 1,000 रुपये का चालान काटा जाता है.
राजधानी और आसपास में दो इंटरसेप्टर वाहन कार्यरत हैं. दोनों वाहनों में स्पीड लेजर गन, मॉनिटर और मशीनें लगी हैं, जिनसे वाहनों की गति मापी जाती है. अधिक गति पाए जाने पर ऑन द स्पॉट चालान काट दिया जाता है. इसके बाद वाहन मालिक को मोबाइल या पते पर चालान भेजा जाता है.
हाइवे पर मुख्य रूप से अर्टिगा कार आधारित इंटरसेप्टर से ओवरस्पीडिंग की जांच की जाती है. वर्तमान में एक इंटरसेप्टर से दिनभर में लगभग दो चालान काटे जाते हैं. इस प्रकार दोनों इंटरसेप्टर मिलकर महीने में करीब 120 चालान जारी करते हैं.
स्मार्ट सिटी के 10 स्थानों पर स्पीड कैमरे सक्रिय
स्मार्ट सिटी द्वारा शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर स्पीड मापने वाले कैमरे लगाए गए हैं. इनमें शामिल हैं:
- रांची कॉलेज प्ले ग्राउंड से स्टेट गेस्ट हाउस के बीच.
- धुर्वा गोलचक्कर से शहीद मैदान के बीच.
- हिनू से एयरपोर्ट के बीच.
- पिस्का मोड़ से रवि स्टील के बीच.
- रातू में तिलता चौक के पास.
- रामपुर तीनमुहानी चौक से रांची प्रवेश मार्ग.
- खरसीदाग से रांची रिंग रोड के बीच.
- डिबडीह ब्रिज से सैटलाइट चौक के बीच.
- कांके रिंग रोड से बीएयू के बीच.
- मेसरा रेलवे ओवरब्रिज से गेटर डीपीएस के बीच.
कंट्रोल रूम के माध्यम से भी ओवरस्पीड वाहनों पर नजर रखी जा रही है और नियम उल्लंघन पर चालान काटा जा रहा है.
