Jamatara : बीते शुक्रवार को भाजपा की आक्रोश रैली के बाद जिले में एक नया सियासी विवाद सामने आया है. रैली से जुड़ा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है. आक्रोश रैली जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के बाद हुए कथित तोड़फोड़ मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में निकाली गई थी. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए.
सोशल मीडिया में तेज हुई प्रतिक्रियाएं
वायरल कथित वीडियो में अब्दुल रकीब को सर पर इस्लामी टोपी पहने ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए देखा जा रहा है. वीडियो में स्वास्थय मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भी नारेबाजी किए जाने का दावा किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोगों ने अब्दुल रकीब से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. जबकि कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा बताया है. कथित वायरल वीडियो में कुछ लोग विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी देते भी नजर आ रहे हैं.

वीडियो को लेकर तेज हुई चर्चा
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और वीडियो के संदर्भ में अब्दुल रकीब की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामले को लेकर जामताड़ा के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है.
ALSO READ : हजारीबाग : करोड़ों की लागत से बनें कुपोषण उपचार केंद्र पर कब्जा, इलाज के इंतजार में मासूम, अधिकारी मौन
