Ranchi: होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हरिवंश राय टाना भगत इंडोर स्टेडियम में तीन दिनों से चल रही 22वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को गरिमामयी समापन हो गया. खेलभावना, कड़े मुकाबले और जवानों के अद्भुत सामर्थ्य के गवाह बने इस तीन दिवसीय महाकुंभ में जैप-6 जमशेदपुर ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया. वहीं, उपविजेता का गौरव जैप-4 बोकारो को हासिल हुआ. इस भव्य प्रतियोगिता के सफल संचालन में 165 तकनीकी पदाधिकारियों और निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जैप की ADG प्रिया दुबे को खिलाड़ी सिपाहियों ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया. इसके बाद जैप-IRB की विभिन्न वाहिनियों के जवानों ने शानदार मार्च पास्ट करते हुए एडीजी को सलामी दी.
खेल से बढ़ती है टीम भावना और शारीरिक दक्षता: एडीजी प्रिया दुबे
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ADG प्रिया दुबे ने सभी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की. उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का जरिया नहीं हैं, बल्कि यह हमारे जवानों के भीतर अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता को मजबूत करते हैं. ड्यूटी के व्यस्त समय के बीच खेलकूद में भाग लेना अत्यंत सराहनीय है. उन्होंने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और भविष्य में भी खेलों में अपनी निरंतर भागीदारी बनाए रखने की अपील की. इसके उपरांत उन्होंने शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कृत किया.
जैप के IG ने खेल भावना को बढ़ावा देने पर दिया जोर
इससे पूर्व, अपने स्वागत भाषण में जैप के IG सुनील भास्कर ने सभी प्रतिभागियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए खेल भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जैप-2 टाटीसिलवे की कमांडेंट डॉ. सरोजनी लकड़ा ने आयोजन समिति, तकनीकी सहयोगियों और खिलाड़ियों के प्रति आभार जताया. इस अवसर पर DIG जैप कार्तिक एस, एमेल्डा एक्का, अविनाश कुमार, दीपक प्रसाद, सीनियर DSP धीरेंद्र नारायण बंका समेत 21 वाहिनियों के टीम मैनेजर, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पाकुड़: नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप, राशि वापसी की मांग पर विवाह भवन में हंगामा
