Giridih: गिरिडीह मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर को तत्काल खाली कराया गया. इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सघन जांच शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, मुख्य डाकघर को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था. ई-मेल में “मेरे भगवान का हुआ अपमान” लिखते हुए डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. मामले की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस सक्रिय हो गई और डाकघर परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली.
बम निरोधक दस्ते ने की चप्पे-चप्पे की जांच
एहतियातन डाकघर के कर्मचारियों और आम लोगों को परिसर से बाहर निकाला गया. इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने डाकघर के हर हिस्से, कमरों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की. हालांकि शुरुआती जांच में अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस लगातार पूरे मामले की जांच कर रही है.
ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साइबर तकनीक की मदद से ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है. पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और जांच पूरी होने तक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
ALSO READ: पाकुड़: नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप, राशि वापसी की मांग पर विवाह भवन में हंगामा
