Jamtara: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 40 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान चापाकल, सड़क, बिजली, भूमि विवाद, भू-अर्जन मुआवजा, आवास, हिट एंड रन मुआवजा, पुलिस मामलों, जाति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आंगनबाड़ी चयन तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन अग्रसारित कर एक सप्ताह के भीतर निष्पादन करने और इसकी सूचना उपायुक्त कार्यालय को देने का निर्देश दिया. कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया.
तमाम समस्याओं के समाधान का दिए निर्देश
जनता दरबार में दक्षिणबहाल के टूटे पुल से लोगों की आवाजाही को लेकर शिकायत की गई, जिस पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल को तत्काल आवाजाही रोकने का निर्देश दिया. वहीं एक बुजुर्ग महिला ने अनुकंपा पर नौकरी कर रहे पुत्र द्वारा भरण-पोषण नहीं किए जाने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया. आवास की मांग लेकर पहुंची एक विधवा महिला की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा उनके बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने का निर्देश दिया. राशन कार्ड में बच्चे का नाम दूसरे राज्य में दर्ज होने की शिकायत पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी को जांच कर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए. जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी की शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने तथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी. भू-अर्जन परियोजनाओं में लंबित मुआवजा भुगतान मामलों में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया.

वैध कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और सभी वैध कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उल्लेखनीय है कि प्रत्येक मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां आमजन अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रख सकते हैं.
AlsoRead:बाल गृह जामताड़ा में बच्चों के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम, DLSA सचिव ने दी कानूनी जानकारी


