-
आंधी-बारिश के दौरान पेड़ के पास बंधे बैल को लाने गए थे मां-बेटा, अचानक गिरी आसमानी बिजली
Jamtara: जामताड़ा प्रखंड के लाधना पंचायत अंतर्गत कित्ताजोर गांव में शनिवार की शाम आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया. अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से एक बैल मर गया जबकि एक महिला और उसका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमक मुर्मू शनिवार शाम अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ घर के पास एक पेड़ से बंधे बैल को लाने गई थी. इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. इससे पहले कि मां-बेटा सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया. इसकी चपेट में बैल, महिला और बच्चा आ गए. वज्रपात इतना तेज था कि बैल मौके पर मर गया वहीं महिला और उसका पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए तथा बेहोश होकर गिर पड़े.
यह भी पढ़ें: JPSC Civil Services: मुख्य परीक्षा की संभावित तारीखें घोषित, GS Paper-2 की उत्तर कुंजी में भी हुआ बदलाव
पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घटना की सूचना मिलते ही लाधना पंचायत की मुखिया पार्वती सोरेन, समाजसेवी परिमल मरांडी तथा अन्य ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. सभी ने मिलकर घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला और बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है तथा चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान वज्रपात की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय-समय पर जागरूक करने और सुरक्षा संबंधी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है. प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि आंधी-बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें.

यह भी पढ़ें: रांची: वर्किंग विमेंस हॉस्टल खाली करने के नोटिस पर बवाल, महिलाओं ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग


