Pakur: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने की. इसमें मुहर्रम कमेटियों, अखाड़ा समितियों, शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में पर्व के दौरान शांति व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, एंबुलेंस सुविधा, यातायात प्रबंधन तथा जुलूस के निर्धारित मार्ग एवं समय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे और आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता जताई.
सुझावों पर गंभीरता से होगा अमल
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि मुहर्रम कमेटियों एवं अखाड़ा समितियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है.उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी मुहर्रम और अखाड़ा समितियों से जुलूस निर्धारित समय पर शुरू करने और समय पर समाप्त करने का अनुरोध किया.
ड्रोन से होगी निगरानी
एसपी ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी. प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ मुहर्रम पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.


