Ranchi : देश की राजधानी नई दिल्ली के बांग्ला साहिब रोड पर स्थित न्यू झारखंड भवन को अत्याधुनिक और हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जायेगा. राज्य सरकार के भवन निर्माण विभाग ने इस प्रतिष्ठित भवन के रख रखाव और संचालन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने की एक व्यापक कार्य योजना तैयार की है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य भवन की सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और आंतरिक व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और सुचारू बनाना है.
क्या है मुख्य कार्य योजना
इस पूरी योजना के केंद्र में कॉम्प्रीहेंसिव एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट और बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम का कुशल संचालन है. न्यू झारखंड भवन में पहले से स्थापित बीएमएस सिस्टम को एक वर्ष तक निरंतर और निर्बाध रूप से ऑपरेट किया जाएगा.भवन के भीतर आवश्यक सभी तकनीकी सामग्रियों, उपकरणों और संबंधित पुर्जों की मरम्मत व आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर व्यवस्था प्रभावित न हो. इस डिजिटल सिस्टम के सक्रिय रहने से भवन की लाइटिंग, वेंटिलेशन, पावर सिस्टम और सुरक्षा उपकरणों की रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी. जिससे संसाधनों की भारी बचत होगी.

विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की ली जा रही मदद
कार्य योजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार प्रतिष्ठित निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं, रिटेलर्स, वितरकों और पंजीकृत बीसीडी ठेकेदारों का सहयोग ले रही है. खास बात यह है कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ अपने अपने विशिष्ट कार्यों (जैसे फर्नीचर या तकनीकी पुर्जे) के लिए आंशिक तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल सकेंगे. विभाग ने इस कार्य योजना को गति देने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं. इससे संबंधित ई कोटेशन की प्रक्रिया 1 से शुरू होकर 8 जून तक चलेगी. जिसके तुरंत बाद धरातल पर काम की शुरुआत कर दी जाएगी.
ALSO READ : अब जाल में फंसी मछली छड़प कर बाहर नहीं निकल पाएगी, मत्स्य पालकों को मिलेंगे फ्राइ कैचिंग नेट
