Ranchi: JPSC-JSSC की परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद और जांच के बीच झारखंड सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया है. कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने JSSC को शिक्षा विभाग से जुड़े 277 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना भेजी है. इस भर्ती के जरिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) और अवर विद्यालय निरीक्षक के पद भरे जाएंगे. अधियाचना में 267 पद नियमित और 8 पद बैकलॉग के बताए गए हैं.
अलग राज्य बनने के बाद नहीं हुई थी सीधी नियुक्ति
झारखंड बनने के बाद शिक्षा विभाग के इन पदों पर लंबे समय से सीधी नियुक्ति नहीं हुई थी. अलग राज्य बनने के समय अवर शिक्षा से जुड़े 663 पद झारखंड के हिस्से में आए थे. इन पदों पर काम कर रहे अधिकारी धीरे-धीरे सेवानिवृत्त होते गए. स्थिति यह है कि वर्तमान में दोनों पदों को मिलाकर 100 से भी कम अधिकारी कार्यरत बताए जा रहे हैं. अधिकारियों की कमी का असर शिक्षा विभाग की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी पड़ रहा है.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC विवाद पर ऋषिकेश बोले- ‘बाबूलाल भ्रम फैलाना बंद करें, दोषियों पर हो रही कार्रवाई’

नियमावली में उलझी रही भर्ती प्रक्रिया
इन पदों पर नियुक्ति नहीं होने की एक बड़ी वजह भर्ती नियमावली को लेकर लंबे समय से चल रहा मंथन रहा. पिछले कई वर्षों से नियमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही थी. अब नियमावली को अंतिम रूप दिए जाने के बाद सरकार ने भर्ती की दिशा में आगे कदम बढ़ाया है. JSSC को अधियाचना भेजे जाने के बाद अब नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है.

