Ranchi: रांची में आज कांग्रेस की ओर से विशाल जनसभा और सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने की.
सभा में डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ चुनाव लड़ने वाली पार्टी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. कांग्रेस की राजनीति का आधार संविधान, सामाजिक न्याय, भाईचारा और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच में समाज के हर वर्ग के लिए जगह है. युवा, महिला, बुजुर्ग, गरीब और अलग-अलग समुदायों के लोगों को समान सम्मान देना पार्टी की प्राथमिकता रही है. उन्होंने कहा कि देश को जोड़ने के लिए कांग्रेस लगातार काम करती रही है और आगे भी इसी रास्ते पर चलेगी.

भाजपा समेत कई दलों के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल
कार्यक्रम के दौरान भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली. डॉ. इरफान अंसारी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका कांग्रेस में आना संगठन के लिए नई ताकत है.
उन्होंने कहा कि इन नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुड़ने से रांची नगर और जिला कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए साथी कांग्रेस की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
‘संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा’
डॉ. अंसारी ने कहा कि राजेश कच्छप और विधायक सुरेश बैठा के नेतृत्व में संगठन को और मजबूती दी जाएगी. पार्टी का लक्ष्य कांग्रेस की विचारधारा को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा कांग्रेस की राजनीति का अहम हिस्सा है. आने वाले समय में पार्टी जनता के भरोसे के साथ और मजबूती से आगे बढ़ेगी.
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश प्रभारी श्रीबाला प्रसाद, वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधायक विक्सल कोंगाड़ी, विधायक सुरेश बैठा, राम खलको समेत कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: डूरंड कप: रांची में दिल्ली SC का गोलों का तूफान, डिफेंडर्स एफसी को 7-0 से रौंदा

