Newswave Desk: फिट रहना हर किसी को पसंद है. लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में घंटों बैठकर काम करना, खराब खानपान, तनाव, पर्याप्त नींद ना लेना और शारीरिक गतिविधियों की कमी तेजी से मोटापे को बढ़ा रही है. ऐसे में लोग जिम, वर्कआउट और महंगे डाइट प्लान्स की ओर जाते हैं. लेकिन अब नई रिसर्च बताती है कि रोजाना सिर्फ वॉक करके भी वजन कम किया जा सकता है. दरअसल, इस्तांबुल, तुर्की में आयोजित European Congress on Obesity 2026 में पेश की गई एक नई रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. रिसर्च के मुताबिक जो लोग रोजाना करीब 8,500 कदम चलते हैं, उनमें वजन दोबारा बढ़ने का खतरा काफी कम देखा गया.

रिसर्च में क्या कुछ आया सामने, जानिए
शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग वजन कम करने के बाद भी लगातार वॉक करते रहे, वे लंबे समय तक अपने वजन को कंट्रोल में रखने में ज्यादा सफल रहे. इस स्टडी में इटली और लेबनान के रिसर्चर्स ने वजन घटाने, चलने की आदत और लंबे समय तक फिट रहने से जुड़े कई अध्ययनों का विश्लेषण किया.
रिसर्च में यह भी सामने आया कि शुरुआत में दोनों समूहों की फिजिकल एक्टिविटी लगभग एक जैसी थी. लेकिन बाद में जिन लोगों ने रोजाना चलने की आदत बढ़ा दी, उन्होंने अपने वजन पर बेहतर नियंत्रण बनाए रखा. वहीं जिन लोगों ने एक्टिव रहना छोड़ दिया, उनमें वजन दोबारा बढ़ने की संभावना ज्यादा देखी गई.
एक्सपर्ट्स क्या मानते है ?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सुबह की मॉर्निंग वॉक शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद करती है और दिनभर कैलोरी बर्न करने की प्रक्रिया को एक्टिव रखती है. वहीं शाम की इवनिंग वॉक तनाव कम करने, डाइजेशन सुधारने और अच्छी नींद दिलाने में भी मददगार मानी जाती है. यानी फिट रहने के लिए हमेशा मुश्किल वर्कआउट या महंगे डाइट प्लान की जरूरत नहीं होती. अगर रोजाना छोटी-छोटी आदतों को लगातार अपनाया जाए, तो सिर्फ वॉक करके भी लंबे समय तक खुद को फिट और हेल्दी रखा जा सकता है.
Disclaimer: यह जानकारी शोध अध्ययनों और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे चिकित्सीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिएकोई भी नई गतिविधि या व्यायाम दिनचर्या अपनाने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से परामर्श करें.
ALSO READ: हजारीबाग : कोयला के काले खेल में उतरे सफेदपोश, धनबाद की तरह सुलग रही वर्चस्व की आग
