Ranchi: ऐसे तो देश में भर सावन महीना को सबसे पावन व पवित्र माना जाता है, लेकिन हिंदी भाषी प्रदेश जैसे झारखंड, बिहार व यूपी में सावन महीना एक उत्सव की तरह मनाया जाता है. झारखंड में बाबा नगरी देवघर व बासुकीनाथ मंदिर का इस सावन माह में महत्व काफी बढ़ जाता है. इसी का देखते हुए सावन के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार भी राज्य की जनता को हर सुविधा उपलब्ध कराना चाहती है. इसी के तहत सरकार ने देवघर और दुमका में हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. यह सेवा 4 अगस्त से शुरू होगी और श्रद्धालु मामूली राशि से अग्रिम टिकट बुक कर इसका लाभ उठा सकेंगे. सरकार की ओर से इस सेवा के संचालन के लिए बेल-407 हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराया जाएगा.

चार प्रकार के हेलिकॉप्टर पैकेज कराए जाएंगे उपलब्ध
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चार प्रकार के हेलिकॉप्टर पैकेज उपलब्ध होंगे. देवघर और बासुकीनाथ के आकाशीय दर्शन के लिए प्रति व्यक्ति 2,850 रुपये, देवघर दर्शन के लिए 3,750 रुपये तथा देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा यात्रा के लिए 4,500 रुपये निर्धारित किए गए हैं. कैप्टन अमितेष आनंद को देवघर में विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है. वे अस्थायी हेलीपैड, टिकट बुकिंग काउंटर, अस्थायी कार्यालय, प्रचार-प्रसार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. वहीं, देवघर के उपायुक्त को हेलीपैड, टिकट काउंटर और विभागीय प्रतिनिधि के लिए वाहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
हेलिकॉप्टर सेवा के पैकेज और किराया
पैकेज उड़ान अवधि प्रति व्यक्ति किराया
देवघर आकाशीय परिदर्शन 7–10 मिनट 2,850 रुपये
बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन 7–10 मिनट 2,850 रुपये
देवघर परिदर्शन 10–15 मिनट 3,750 रुपये
देवघर से बासुकीनाथ (एकतरफा) लगभग 15 मिनट 4,500 रुपये

Also Read: सिर्फ वजन घटाना नहीं, स्वस्थ जीवन की कुंजी है माइंडफुल ईटिंग
