Chaibasa: गुवा रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के यूनियन कार्यालय में सोमवार देर शाम ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की. बैठक में बड़ी संख्या में ठेका मजदूरों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं से नेतृत्व को अवगत कराया. बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार सेल प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा गया है, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं की गई है. ससे मजदूरों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
बैठक में व्यापक सुधार की उठाई गई मांग
बैठक में गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की मांग उठाई गई. इसमें अस्पताल एवं शौचालयों की नियमित सफाई, नया एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा मधुमेह (शुगर) के मरीजों के लिए अलग डाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही. इसके साथ ही नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने, सफाई कर्मियों की बहाली, अस्पताल में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता तथा लंबित सिविल कार्यों को शीघ्र शुरू करने की भी मांग की गई.

नए शिक्षकों की बहाली की है जरूरत
बैठक में बरसात के दौरान मजदूरों के क्वार्टरों की जर्जर स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई. नेताओं ने कहा कि कई आवासों की छतों से पानी टपक रहा है और गंदा पानी घरों में प्रवेश कर रहा है, जिससे मजदूर परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. संघ ने इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की. इसके अलावा इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति तथा गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों का स्थानांतरण कर नए शिक्षकों की बहाली की मांग भी रखी गई.
500 ठेका मजदूरों का आश्वासन, मगर केवल 18 लोगों हुए नियुक्त
ठेका मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए संघ ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन ने 500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक केवल 18 लोगों की ही नियुक्ति की गई है. इसके अलावा ठेकेदारों द्वारा न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान, समय पर वेतन नहीं देना तथा फर्जी हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान लगाकर मजदूरी की राशि निकाले जाने जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई. साथ ही सेमी-स्किल्ड एवं स्किल्ड श्रमिकों के लंबित भुगतान को अविलंब जारी करने की भी मांग उठाई गई.
केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने दी चेतावनी
बैठक के अंत में केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सेल प्रबंधन शीघ्र ही मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा. आवश्यकता पड़ने पर सेल का चक्का जाम कर उत्पादन भी प्रभावित किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी.
ALSO READ : दो महीने से फैक्टर-8 और फैक्टर-9 की कमी, हजारीबाग के 40 हीमोफिलिया मरीजों पर गहराया जीवन का संकट


