‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ से गूंजेंगे झारखंड के स्कूल, राष्ट्रीय खेल दिवस पर होंगे खास कार्यक्रम

Hazaribagh: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में तीन दिवसीय खेल एवं...

Hazaribagh: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में तीन दिवसीय खेल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर होने वाले इन आयोजनों की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है.राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सोमवार को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला शिक्षा अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.

रक्षाबंधन के कारण कार्यक्रम में बदलाव

निर्देश के अनुसार 28 अगस्त को रक्षाबंधन के कारण विद्यालयों में अवकाश रहेगा. ऐसे में इस दिन प्रस्तावित खेल गतिविधियों को संशोधित तिथि पर आयोजित किया जाएगा. वहीं 29 और 30 अगस्त की गतिविधियां पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार होंगी.राज्य परियोजना निदेशक ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि स्कूल स्तर पर कार्यक्रम प्रभावी तरीके से आयोजित किए जाएं और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाए.

दिव्यांग विद्यार्थियों की भागीदारी भी जरूरी

राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में दिव्यांग विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. विद्यालय के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं और विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि वे भी खेल आयोजनों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले सकें.

सरकारी से निजी स्कूल तक होंगे शामिल

कार्यक्रम में सभी श्रेणी के सरकारी विद्यालयों के अलावा सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय भी शामिल होंगे. विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और स्कूल स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है. इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय के 17 और 21 अगस्त के पत्रों तथा झारखंड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के 21 अगस्त के कार्यालय पत्र के आधार पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. आदेश की प्रतिलिपि सभी क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशकों, उपायुक्तों और संबंधित शिक्षा निदेशालयों को भी भेजी गई है.

ALSO READ: हजारीबाग: ईद-मिलाद-उन-नबी को लेकर बरही थाना में शांति समिति की बैठक

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *